नगर परिषद अधिकारियों की लापरवाही, बेसहारा गोवंश का सड़कों पर डेरा, लोग परेशान हो रहे
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर की सड़कों पर बेसहारा गोवंश की बढ़ती संख्या शहर के लिए बड़ी समस्या बन गई है। कस्बे के इस्माईलपुर रोड, किसनगढ़ रोड, अंबेडकर सर्किल, नगर परिषद, और अग्रसेन सर्किल जैसे प्रमुख मागों पर सौ से अधिक गोवंश झुंड में घूमते देखे जा सकते हैं। ये पशु सड़कों पर कचरे के ढेरों पर बैठते हैं और कई बार आपस में लड़ते हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हादसे हो चुके हैं, और रास्ता बाधित होने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
G EXPRESS NEWS की पड़ताल में पता चला कि गली-मोहल्लों तक में गोवंश का जमावड़ा है। ये पशु अचानक सड़क पर आने से वाहन चालक नियंत्रण खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जाम और आवागमन में परेशानी आम बात है। नगर परिषद को शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं कि गोवंश को गौशाला भेजने का प्लान है, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं दिखती। कई बार नगर परिषद और पुलिस थाने के पास भी गोवंश के झुंड देखे जाते हैं। नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया कि सड़कों पर घूमने वाले अधिकतर गोवंश पालतू हैं, जिन्हें पशुपालक चरने के लिए छोड़ देते हैं। उन्होंने जल्द ही अभियान चलाकर इन्हें गौशाला भेजने और पशुपालकों को चिह्नित कर पाबंद करने की बात कही। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन तत्काल कार्रवाई करे ताकि हादसों और जाम से निजात मिले। प्रमुख प्रभावित क्षेत्र इस्माईलपुर रोड, किशनगढ़ रोड, अंबेडकर सर्किल, नगर परिषद ,अग्रसेन सर्किल, आनन्द नगर कालोनी आदि।