दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद मकराना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा अलर्ट — जीआरपी व आरपीएफ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सभी यात्रियों के बैग की गहन जांच की
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट की घटना के बाद पूरे देश में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क हो गई हैं। इसी के तहत मकराना रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए स्टेशन परिसर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिसकर्मी रेलवे स्टेशन के हर कोने में तैनात नज़र आए। आने जाने वाले यात्रियो के बैगों और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की। ट्रेन में चढ़ने से पहले यात्रियों के सामान को मेटल डिटेक्टर से स्कैन किया गया और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग भी तेज़ कर दी गई। जीआरपी चौकी इंचार्ज भंवरा राम बडारडा और आरपीएफ प्रभारी बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष सुरक्षा अभियान में रेलवे पुलिस ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, बुकिंग ऑफिस, वेंडर स्टॉल सहित हर हिस्से में सघन तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियो ने कहां की दिल्ली में हुई घटना के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत 182 या 100 नंबर पर सूचना दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएँ। मकराना रेलवे स्टेशन पर इस सघन जांच के दौरान सभी ट्रेनें समयानुसार रवाना हुईं, वहीं यात्रियों ने भी पुलिस की इस तत्परता की सराहना की और कहा कि ऐसे कदम सुरक्षा के लिहाज से बेहद आवश्यक हैं।
इस दौरान हेड कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह, पूनमचन्द आचार्य, जगाराम, कांस्टेबल कैलाश दुधवाल, मुकेश दादरवाल, दीपक शर्मा सहित अनेक सिपाही तैनात रहे।