कॉन्सिल ऑफ़ जर्नलिस्ट्स द्वारा आधुनिक पत्रकारिता पर संगोष्ठी आयोजित, मकराना मीडिया की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
मकराना (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) कॉन्सिल ऑफ़ जर्नलिस्ट्स (सीजे) के तत्वावधान में मकराना प्रेस क्लब में “आधुनिक पत्रकारिता व आई-डी वितरण की महत्ता” विषय पर एक विस्तृत एवं प्रेरक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को आधुनिक मीडिया के बदलते स्वरूप, तकनीकी चुनौतियों और फील्ड रिपोर्टिंग में पहचान पत्र की अनिवार्यता के प्रति जागरूक करना था।
संगोष्ठी के प्रारंभ में वक्ताओं ने आधुनिक पत्रकारिता में बढ़ती चुनौतियों, डिजिटल मीडिया के प्रभाव, फेक न्यूज़ की समस्या और सूचना की विश्वसनीयता बनाए रखने में पत्रकार की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि आज का समय तेज़ रफ्तार सूचना प्रसार का है, ऐसे में सत्य, तथ्य-जांच और जिम्मेदार रिपोर्टिंग ही पत्रकारिता की पहचान है।
फील्ड रिपोर्टिंग में आई-डी कार्ड की अनिवार्यता को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए बताया गया कि पत्रकार पहचान पत्र न केवल सुरक्षा एवं सुगमता प्रदान करता है, बल्कि यह पेशे की पारदर्शिता और विश्वसनीयता का भी प्रतीक है। संगठन की ओर से आई-डी वितरण को पत्रकारों के अनुशासन, एकरूपता और पहचान की मजबूती बताकर इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव बिक्रम सिंह शेखावत ने कहा कि आधुनिक पत्रकारिता शोधपरक, तकनीक-आधारित और संवेदनशील दृष्टिकोण की मांग करती है। युवा पत्रकारों को सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथियों में जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह, जिला महासचिव राकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भागीरथ सिंह, मकराना अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान, मकराना महासचिव मो. सलीम, कोषाध्यक्ष मो. शहजाद, उपाध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार मो. हयात गैसावत उपस्थित रहे। सभी ने पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक की समझ और मीडिया नैतिकता पर निरंतर कार्य करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान ने करते हुए कहा कि विश्वसनीय मीडिया किसी भी समाज की शक्ति होता है और सही दिशा में मार्गदर्शन देना ही पत्रकार का मूल कर्तव्य है।
अंत में “विश्वसनीय मीडिया की नींव : जिम्मेदारी, अनुशासन और पहचान” विषय पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। मकराना प्रेस क्लब में आयोजित इस संगोष्ठी ने क्षेत्र के पत्रकारों में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया। इस अवसर पर पत्रकार संदीप, मुकेश जोया, भागीरथ सिंह, जावेद गेसावत, गुमान सिंह, अभिमन्यु सिंह सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

