रिटायर्ड डिप्टी जेलर के घर बड़ी चोरी—चोर 10 तोला सोना, 1 किलो चांदी और कीमती घड़ी ले उड़े; परिवार पड़ोस में था
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) चिकसाना थाना क्षेत्र के न्यू पुष्प वाटिका कॉलोनी में रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। रिटायर्ड डिप्टी जेलर सुरजीत सिंह के घर चोरों ने धावा बोलकर 10 तोला सोना, 1 किलो चांदी के जेवर और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब परिवार के सदस्य पड़ोसी के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे।
घर खाली देखकर चोर हुए सक्रिय
सुरजीत सिंह ने बताया कि वह रूपवास में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी किरनदेई और नातिन घर पर थीं, लेकिन रात करीब 9 बजे दोनों पड़ोसी के घर चली गईं। पत्नी ने घर का ताला लगाकर पड़ोसी के यहां इंतजार करना शुरू कर दिया।
रात 11 बजे लौटा परिवार, टूटा ताला देखकर उड़े होश
सुरजीत रात 11 बजे घर लौटे और अपनी पत्नी को साथ लेकर घर आए। घर पहुंचते ही देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारियां खुली थीं और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। तलाशी के बाद पता चला कि चोर 10 तोला सोना, 1 किलो चांदी के जेवर, करीब 15 हजार की घड़ी और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पुलिस को तुरंत दी गई। चिकसाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों में रात में हुई इस बड़ी चोरी की घटना को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


