भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस पर 13 से 19 फरवरी तक होंगे कार्यक्रम

Jan 9, 2026 - 13:17
 0
भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस पर 13 से 19 फरवरी तक होंगे कार्यक्रम
स्थापना दिवस इतिहास, धरोहर, संस्कृति एवं पर्यटन से जोड़ने का माध्यम बने- जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर के 293वें स्थापना दिवस को भव्य, रोचक एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। जिसमें 13 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा, गतिविधियों और विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं संगठनों की सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन न होकर आमजन को जिले के इतिहास, धरोहर, संस्कृति एवं पर्यटन से जोड़ने का माध्यम बने। इसके लिए संबंधित अधिकारी, शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक व व्यापारिक संगठन समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कार्यक्रमों में क्विज, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्कूलों के विद्यार्थियों की बौद्धिक और रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम आयुक्त को शहर में सात दिवसीय स्वच्छता अभियान की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की टीम का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
भरतपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त कनिष्क कटारिया ने कहा कि स्थापना दिवस के अंतर्गत भरतपुर की संस्कृति, इतिहास एवं पर्यटन स्थलों पर आधारित पेंटिंग, क्विज और भाषण प्रतियोगिताओं में निजी एवं राजकीय विद्यालयों की टीमों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे बच्चों में अपनी विरासत के प्रति जुड़ाव बढ़े। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों से भी अपने परिवार व मित्रों के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता करने का आह्वान किया। लोहागढ़ फोर्ट, किशोरी महल, बांके बिहारी मंदिर एवं सेवर कुंड पर दीपदान कार्यक्रमों में सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी पर जोर दिया गया। विश्व शास्त्री पार्क में 14 से 16 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय फ्लॉवर शो में बागवान महिलाओं एवं विभिन्न संस्थाओं को आमंत्रित करने तथा राजीविका महिलाओं द्वारा उत्पाद स्टॉल लगाने का प्रस्ताव रखा गया।
गिरधारी तिवारी ने बताया कि 13 फरवरी को किशोरी महल में महाराजा सूरजमल जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि कार्यक्रम एवं भरतपुर की समृद्ध ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत पर भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने स्थापना दिवस के दौरान विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित करने की आवश्यकता बताई। नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप देने, प्लास्टिक मुक्त शहर, डस्टबिन उपयोग और गीले-सूखे कचरा प्रबंधन व्यवस्था के सुदृढ़ क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।
तीन दिवसीय फ्लॉवर शो, पेंटिंग, क्विज, स्वच्छता, रक्तदान शिविर पर जोर
स्थापना दिवस पर 13 से 19 फरवरी तक होने वाले कार्यक्रमों में महाराजा सूरजमल जयंती, लॉन टेनिस व बैडमिंटन प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, घना भ्रमण, फ्लॉवर शो, चित्रकला प्रतियोगिता, महाआरती, दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरण, रंगोली सजावट, स्वाभिमान मार्च, विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में सांस्कृतिक संध्या तथा प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग-बैनर लगाने जैसे विविध कार्यक्रमों पर सहमति बनी।
 इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय जौहरी, उपनिदेशक महिला अधिकारिता राजेश कुमार, जिला समन्वयक लोहागढ विकास परिषद योगेश शर्मा, संयोजक भरतपुर स्थापना दिवस अनुराग गर्ग, एमएसजे कॉलेज से डॉ. कमलेश सिसोदिया, आरडी गर्ल्स कॉलेज से डॉ. निशा गोयल, हरित बृज सोसायटी उपाध्यक्ष डॉ. संगीता चतुर्वेदी, सचिव सत्येंन्द्र यादव, वरिष्ठ साहित्यकार नरेन्द्र निर्मल, अध्यक्ष वाणी प्रदूषण मुक्ति संस्थान ओमप्रकाश आजाद, जगन्नाथ रथ यात्रा महामंत्री महेशचंद्र, फोर्टी यूथ विंग सचिव जयकुमार बंसल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थानों के प्रतिनिधी व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................