डीएनटी समाज का महा-सम्मेलन 18 जनवरी को भर्तृहरि धाम में हजारों लोगों की भागीदारी से सरकार पर बनेगा दबाव
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) डीएनटी संघर्ष समिति के आह्वान पर 18 जनवरी 2026 को अलवर स्थित भर्तृहरि धाम में डीएनटी समाज का विशाल महा-सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस महा-सम्मेलन में राजस्थान सहित देशभर से डीएनटी समाज के हजारों लोग भाग लेंगे।
सदस्य कन्हैयालाल योगी और अनिल कुमार योगी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य डीएनटी समाज की लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाना है, ताकि समाज को उसका संवैधानिक हक मिल सके।
गौरतलब रहे कि इससे पहले डीएनटी समाज द्वारा पाली में ऐतिहासिक आंदोलन किया गया जिसमें हजारों लोगों की भागीदारी रही और करीब 30 घंटे तक हाईवे जाम रहा। इसके बाद सरकार से वार्ता हुई। जिसमें समाज की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया। डीएनटी समाज आरक्षण, आवास, शिक्षा, रोजगार, भूमि अधिकार और आर्थिक सशक्तिकरण जैसी दस प्रमुख मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहा है।
नाथ समाज के नेतृत्व में होने वाले इस महा-सम्मेलन को समाज के एक बड़े आंदोलन का हिस्सा माना जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महा-सम्मेलन में डीएनटी समाज के सभी 32 घटक समाजों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।