कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने भाजपा सरकार की खेल विरोधी नीतियों व मनरेगा कटौती के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

Feb 13, 2026 - 12:59
 0
कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने भाजपा सरकार की खेल विरोधी नीतियों व मनरेगा कटौती के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

नशे के बढ़ते प्रचलन पर भी जताई गहरी चिंता, मांगें नहीं मानी तो विधानसभा घेराव की चेतावनी

बारां, (राजस्थान) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी खेलकूद प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी बारां हंसराज मीणा के नेतृत्व में खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भाजपा सरकार की कथित खेल विरोधी नीतियों, मनरेगा योजना में की गई कटौती तथा प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।

खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शाहिद इकबाल भाटी ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण गरीबों, मजदूरों, किसानों और बेरोजगार युवाओं के लिए जीवन रेखा है। बजट और कार्य दिवसों में कटौती से लाखों परिवारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और पलायन बढ़ेगा तथा कमजोर वर्गों की आर्थिक स्थिति और दयनीय होगी। उन्होंने कहा कि कई ग्रामीण खिलाड़ी भी मनरेगा के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हुए खेल गतिविधियों से जुड़े रहते हैं, ऐसे में कटौती का सीधा असर उनके खेल भविष्य पर पड़ेगा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में खिलाड़ियों को राज्य प्रतियोगिताओं में मिलने वाला ₹600 प्रतिदिन तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ₹1000 प्रतिदिन का टीडीए (यात्रा व दैनिक भत्ता) बंद कर दिया गया है, जो पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने लागू किया था। साथ ही, पहले प्रत्येक प्रतियोगिता में पदक जीतने पर अलग-अलग अनुदान राशि दी जाती थी, जिसे अब सीमित कर दिया गया है।

कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ ने आउट ऑफ टर्न नीति के तहत नियुक्त खिलाड़ियों की नौकरी पर संकट, नई नियुक्तियों पर रोक, स्टेडियम निर्माण कार्यों को ठप करने, खेल सुविधाओं की कमी तथा कोचों की कमी का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा 76 कोचों की भर्ती की गई थी, जबकि प्रस्तावित 128 कोचों की भर्ती को वर्तमान सरकार ने निरस्त कर दिया। वर्तमान में कई खेल अधिकारी अनुपस्थित या सीमित क्षमता में कार्य कर रहे हैं, जिससे प्रशिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सत्येन्द्र कुमार गोयल ने प्रदेश में युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के बजाय उपेक्षित करने से युवा गलत दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से खेल सुविधाएं बढ़ाने और नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के अंत में चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान के नेतृत्व में हजारों खिलाड़ियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ लोकतांत्रिक तरीके से विधानसभा सत्र के दौरान घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान एडवोकेट भरतभूषण सक्सेना , एडवोकेट असलम भारती, कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष जाकिर मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष अशरफ देशवाली, वरिष्ठ कांग्रेसी सत्यनारायण भूमलीया, पूर्व चेयरमैन नगर पालिका मांगरोल कोशल सुमन, सेवादल के जिलाध्यक्ष शिव शंकरयादव, शहर अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज , गिरिराज शर्मा , यूथ कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग शाहीद कुंडी , पूर्व अध्यक्ष नासिर मिर्जा , पूर्व सचिव रईस फेजी, पियूष सोनी, विजय बैरवा , महेंद्र कुमार योगी , अजय धाकड़, ब्रजेश डागर , आजाद राइन , सुरेश सुमन, मों आरिफ सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................