जावेद अख्तर जयपुर पहुंचे, सिंगर गुरदीप सिंह भी करेंगे परफॉर्म:शादी समारोह का बनेंगे हिस्सा, पंजाबी सिंगर बोले- जयपुर का कोई मुकाबला नहीं है
बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर बुधवार को जयपुर पहुंचे। वे यहां एक निजी शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए हैं। जावेद अख्तर का जयपुर से पुराना जुड़ाव रहा है और वे अक्सर यहां आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में भी नजर आते रहे हैं। उनके आगमन को लेकर शहर के साहित्य और कला जगत में भी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं शाम को पंजाबी गायक गुरदीप सिंह भी एयर इंडिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंचे। वे शहर में आयोजित एक भव्य वेडिंग समारोह में अपने बैंड के साथ लाइव परफॉर्मेंस देंगे। गुरदीप सिंह की जयपुर में खास डिमांड मानी जाती है। वे अपने बैंड के साथ शहर के फाइव स्टार होटलों में आयोजित होने वाली शादियों और खास आयोजनों में अक्सर प्रस्तुति देने के लिए आते रहते हैं। उनके पंजाबी गानों और ऊर्जावान परफॉर्मेंस को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जाता है। एयरपोर्ट पर गुरदीप ने कहा कि जयपुर का कोई मुकाबला नहीं है, यह एक खास शहर है। संगीत के कद्रदान यह खास है। गुरदीप सिंह प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बेटे हैं और अपने पिता की तरह ही पंजाबी संगीत की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वे अपने लाइव परफॉर्मेंस और पंजाबी बीट्स के लिए युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं।