मंत्री झाबर सिंह खर्रा बोले-समय पर होंगे निकाय चुनाव:कहा-सरकार पूरी तरह तैयार; जालोर में हनुमान मंदिर में किए दर्शन
नगरीय विकास और स्वायत्त शासन विभाग के राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि पंचायत-निकाय चुनाव सही समय पर होंगे। सरकार चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। एक राज्य-एक चुनाव की तर्ज पर ये चुनाव होंगे। बुधवार को मंत्री झाबर सिंह जालोर पहुंचे। यहां उन्होंने कानीवाड़ा हनुमान मंदिर में दर्शन किए। कानीवाड़ा हनुमान मंदिर में मंत्री खर्रा ने पूजा-पाठ कर प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा- प्रदेशवासियों के कल्याण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और राज्य में निरंतर विकास के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगा है। प्रदेश की उन्नति और आमजन की खुशहाली ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सकारात्मक सोच के साथ प्रदेश के विकास में सहयोग देने की अपील की।