दुकान का ताला दिनदहाड़े तोड़ रहे चोर को पकड़ा:पड़ोसियों ने दी मालिक को सूचना, पुलिस ने हिरासत में लिया
अलवर शहर में एसएमडी सर्किल के पास दिनदहाड़े चोरी की वारदात करते चोर को पकड़ लिया। दुकान का ताला तोड़कर चोर चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और दुकान मालिक को सूचना दी। दुकानदार महेश चंद सेन (30) ने बताया- उनके बेटे के ससुर का निधन हो गया था। इस कारण बुधवार को दुकान बंद थी। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे एक युवक दुकान का ताला तोड़ रहा था और उसने ताला तोड़ भी दिया था। पड़ोसी ने दी दुकानदार को सूचना दुकानदार महेश चंद सेन ने बताया- पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति और आसपास के लोगों ने चोर को ताला तोड़ते हुए देख लिया और मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद मुझे सूचना दी। सूचना मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा और कोतवाली थाना पुलिस को रिपोर्ट दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर अपने साथ ले गई। हालांकि आरोपी दुकान से कोई सामान नहीं निकाल पाया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी दिनदहाड़े ही चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था।