जिला कलक्टर ने वैर व नदबई उपखंड क्षेत्र का किया दौरा विभिन्न निर्माण कार्यों का लिया जायजा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी गुरुवार को वैर, नदबई उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय, जनजातीय बालिका छात्रावास, उपखंड अधिकारी कार्यालय सहित विभिन्न राजकीय संस्थानों एवं भवनों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सर्वप्रथम निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला कलक्टर जनजातीय बालिका छात्रावास पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रावास में रह रही बालिकाओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने छात्रावास में पानी की समस्या के समाधान के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बोरिंग करवाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका ईओ को छात्रावास परिसर में मिट्टी डलवाकर रास्ते को ठीक कराने, खराब लाइटों को दुरुस्त कराने तथा छात्रावास में रैंप निर्माण करवाने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिला कलक्टर ने उप जिला चिकित्सालय परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी पर्ची काउंटर पर आने वाले मरीजों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गर्मी के मौसम में छाया की व्यवस्था के लिए टेंट लगाने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने उपखंड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नियमित रूप से असंतुष्टि प्रकरणों की समीक्षा कर उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
नदबई आरओबी का कार्य समय पर करें पूर्ण-
जिला कलक्टर ने नदबई कस्बे में निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरओबी का निर्माण क्षेत्र के नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कर आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आरओबी के निर्माण के बाद नदबई क्षेत्र में यातायात सुगम होगा तथा लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, उपखंड अधिकारी गंगाधर मीणा, नदबई सचिन यादव, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका वैर एवं तहसीलदार भानु शर्मा, अधीक्षण अभियंता आरसी मीणा, एक्सईएन महेश मीणा, वार्डन बबली मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।