आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित, रैंकिंग सुधारने पर जोर

Mar 12, 2026 - 19:33
 0
आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित, रैंकिंग सुधारने पर जोर

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। नीति आयोग के निर्देशानुसार आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को वैर ब्लॉक में पंचायत समिति सभागार में जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्यक्रम के विभिन्न बिंदुओं स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं सहायक गतिविधियां तथा महिला एवं बाल विकास की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को कार्यक्रम की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने ब्लॉक में ओडीएफ तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्रजनों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ब्लॉक सीएमएचओ को निर्देश दिए कि एएनसी के शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए समस्त आशा सहयोगिनी एवं एएनएम के सहयोग से ग्रामीणों में टीबी, उच्च रक्तचाप एवं डायबिटीज की स्क्रीनिंग हेतु संपूर्णता अभियान के तहत अटल सेवा केन्द्रों पर शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में चिकित्सा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए डाइट प्लान तैयार करें तथा पौष्टिक तत्वों के चार्ट के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बच्चों के परिजनों को भी पोषण के प्रति जागरूक किया जाए। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नियमित रूप से पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि शिविरों के दौरान शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर ग्राम पंचायतों में पोस्टर और बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने पीएचईडी विभाग को आगामी एक माह में शेष स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा सभी विद्यालयों में जल आपूर्ति के साथ सुलभ शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिला कलक्टर ने सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले बच्चों) के तहत विद्यालयों में विशेष बच्चों की पहचान कर उनके हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालय प्राचार्यों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, कृषि तथा राजीविका विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, कई मामलों का मौके पर समाधान
बैठक के पश्चात जिला कलक्टर ने त्रि-स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत वैर उपखंड क्षेत्र स्थित अटल सेवा केन्द्र पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की। जनसुनवाई के दौरान सड़कों की मरम्मत, पानी निकासी व्यवस्था, विद्युत कनेक्शन, किसानों को फार्मर केसीसी उपलब्ध कराने, आवासीय पट्टे दिलाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत कराने तथा रास्तों से अतिक्रमण हटाने सहित 20 से अधिक प्रकरण सामने आए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, उपखंडाधिकारी वैर गंगाधर मीना, अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका वैर एवं तहसीलदार  भानु शर्मा, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................