मामूली विवाद के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या,पूजन सामग्री लेने गया था युवक
उदयपुर / राजस्थान
उदयपुर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम वन विभाग की नर्सरी के पास हुई चाकूबाजी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। आपसी कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने एक 20 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक ने उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है।
दशामाता पूजन की खरीदारी करने गया था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप (पिंटू) पुत्र कालूलाल मीणा (20), निवासी नेरा फला के रूप में हुई है। प्रदीप गुजरात के अहमदाबाद में मजदूरी का काम करता था और हाल ही में होली का त्योहार मनाने अपने पैतृक गांव आया था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह घर के लिए दशामाता पूजन का सामान लेने परसाद बाजार गया था।
मामूली कहासुनी और फिर खूनी खेल
बाजार से लौटते समय वन विभाग की नर्सरी के पास प्रदीप की कुछ अज्ञात युवकों से मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष के 4-5 युवकों ने प्रदीप पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने प्रदीप के शरीर पर 3 से 4 वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपियों की तलाश जारी
राहगीरों और पुलिस की मदद से प्रदीप को तुरंत परसाद अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर के एमबी (MB) हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। यहाँ देर रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
थानाधिकारी का बयान: परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्या के पीछे के असल कारणों का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।