पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच भिड़ंत:8 किलोमीटर तक पीछा किया, 19 मामलों का आरोपी फिर पहुंचा सलाखों के पीछे

Mar 14, 2026 - 08:41
Mar 14, 2026 - 09:02
 0
पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच भिड़ंत:8 किलोमीटर तक पीछा किया, 19 मामलों का आरोपी फिर पहुंचा सलाखों के पीछे

झुंझुनूं / राजस्थान 

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शातिर हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने के लिए सरकारी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और 8 किलोमीटर लंबे पीछा करने के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट जैसे 19 मामलों के आरोपी रोहित महला को दबोच लिया। इस जानलेवा हमले में एक एएसआई (ASI) सहित चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

तीन दिन से बिछाया जा रहा था जाल

पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ की ढाणी निवासी हिस्ट्रीशीटर रोहित महला किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस पिछले तीन दिनों से उसकी लोकेशन ट्रेस कर घेराबंदी की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे जैसे ही सटीक लोकेशन मिली, एएसआई सज्जन कुमार अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए।

बांडिया नाले पर भिड़ंत: एयरबैग तक खुले

पुलिस ने बांडिया नाले के पास रोहित की पिकअप को आगे और पीछे से घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश ने भागने के लिए अपनी पिकअप से पुलिस की गाड़ियों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वैन के शीशे टूट गए, गेट पिचक गए और सुरक्षा के लिए लगे एयरबैग तक खुल गए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाश का पीछा जारी रखा।घटना के बाद पुलिसकर्मियों को गुढ़ा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती करवाया गया।

8 किलोमीटर तक पीछा, पिकअप बंद होते ही पकड़ा गया

बदमाश करीब 8 किलोमीटर तक पुलिस को छकाता रहा और बार-बार टक्कर मारता रहा। आखिरकार उसकी पिकअप में तकनीकी खराबी आने के कारण वह बंद हो गई। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर रोहित को दबोच लिया, हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके कुछ साथी भागने में कामयाब रहे।

घायलों की स्थिति:

  • भूपेंद्र (ड्राइवर): हाथ में फ्रैक्चर हुआ है।

  • ASI सज्जन कुमार, कॉन्स्टेबल अशोक व रविकांत: हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

  • रोहित महला (आरोपी): पैरों में चोट के कारण उसे जयपुर रेफर किया गया है।

एक महीने पहले ही जेल से आया था बाहर

एसएचओ सुरेश रोलन ने बताया कि रोहित महला एक बेहद शातिर अपराधी है, जिस पर हत्या के प्रयास और लूट जैसे 19 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह महज एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................