प्रतापगढ़ जिले के अचनारा गांव में एक युवक के बैंक खाते से ऑनलाइन ठगी कर 91 हजार रुपए से अधिक निकाल लिए गए। पीड़ित ने इस संबंध में जिला कलेक्टर और कोटड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने राशि वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिम बंद होने के दौरान हुआ लेनदेन अचनारा निवासी अक्षय जैन पुत्र केसरीमल जैन ने बताया -उनका बचत खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की चूपना शाखा में है। इस खाते में लगभग 91 हजार 243 रुपए जमा थे। 19 फरवरी से 23 फरवरी के बीच उनकी मोबाइल सिम बंद रही। उन्होंने सिम संचालक से इसे चालू करने के लिए कहा, लेकिन लगभग पांच दिनों तक सिम एक्टिवेट नहीं हुई। 3 मार्च को जब अक्षय अचनारा में एक मिनी एटीएम से पैसे निकालने गए, तब उन्हें पता चला कि उनके खाते से कई लेनदेन के माध्यम से लगभग 91 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनका एटीएम कार्ड और पासबुक उनके पास ही थे। अक्षय जैन ने कोटड़ी पुलिस थाना, साइबर थाना प्रतापगढ़ और अरनोद में भी लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पीड़ित का कहना है कि लेनदेन उसकी सिम बंद रहने के दौरान हुए हैं, इसलिए पूरे मामले की तकनीकी जांच कर ठगी करने वाले का पता लगाया जाना चाहिए। पुलिस से मामले की जांच की मांग की गई है।