चार महीने से जलभराव : दैनिक आवाजाही वाली सड़क तालाब में तब्दील
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) बयाना-भरतपुर स्टेट हाईवे पर रीको औद्योगिक क्षेत्र के सामने पिछले चार महीने से जमा पानी यातायात के लिए समस्या बन गया है। हजारों वाहनों की दैनिक आवाजाही वाली इस सड़क पर जलभराव से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। दो दिन पहले हुई बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी है।
मार्च से जारी इस समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग आरएसआरडीसी, नगर पालिका और जलदाय विभाग (पीएचईडी) एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। चार महीने पहले आरएसआरडीसी के एईएन ने पीएचईडी की लीकेज पाइप लाइन को इसका कारण बताया था। एसडीएम के निर्देश पर पाइप लाइनें बदली गईं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
रीको इंडस्ट्रियल एरिया से आने-जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही से परिस्थिति और चिंताजनक हो रही है। स्थानीय व्यापारी और निवासी होलू तिवारी सहित अन्य लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर पालिका के कार्यवाहक अधिशाषी अधिकारी अंकुर जैन का कहना है कि सड़क से पानी निकालना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। फिर भी जनहित में पंपसेट लगाकर पानी निकाला जाएगा। स्थायी समाधान के लिए पीएचईडी को पत्र लिखा जाएगा।


