रोजा खोलते समय चाचा-ताऊ के परिवार में चले लाठी-सरिए: मां का हाथ फ्रैक्चर और सिर फूटा, बेटा भी गंभीर घायल हो गए
तिजारा थाना क्षेत्र के गांव अलापुर जाट में जमीनी विवाद को लेकर रोजा खोलते समय चाचा-ताऊ के परिवार में लाठी-सरिए चल गए। एक बुजुर्ग महिला व उसके बेटे को सरियों से पीटा। महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया और सिर में गंभीर चोट लगी है। वहीं बेटा भी गंभीर हालत में भर्ती है। दोनों का अलवर जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
अलापुर जाट निवासी शब्बो की पत्नी पप्पी और उसका पुत्र साकम गुरुवार शाम घर पर अकेले थे। इसी दौरान परिवार के ही रफीक, मंसूद, हन्ना और अज्जि सहित करीब आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने मां-बेटे को बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत तिजारा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल महिला के पति शब्बो ने बताया कि पुलिस को रात को ही सूचना दे दी थी। अभी तक आरोपियों को अरेसट नहीं किया गया है।