पहाड़ों की तलहटी में साइबर ठगी कर रहे 8 गिरफ्तार: एसपी बोले- ये काम बंद करें, नहीं तो इलाका छोड़ दें
डीग एसपी गोपालगढ़ थाने पर पहुंचे। जहां उन्होंने 8 साइबर ठगों की गिरफ्तारी का खुलासा किया। साथ ही साइबर ठगों को चेतावनी दी कि साइबर अपराधी या तो, यह काम बंद कर दे नहीं तो, यह इलाका छोड़कर भाग जाए। डीग पुलिस साइबर अपराधियों को चुन-चुन कर पकड़ेगी।
- पहाड़ों की तलहटी में कर रहे थे साइबर ठगी
डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि आज थाने की टीम गश्त कर रही थी। सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर पुलिस की टीम अंधवाड़ी जंगल के पहाड़ों की तरफ गई। वहां पहाड़ों की तलहटी में 8 लोग साइबर ठगी कर रहे थे। सभी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।
- आरोपियों से मोबाइल, सिम और ATM बरामद
आरोपियों की तलाशी के दौरान 6 मोबाइल, 5 फर्जी सिम और 2 ATM कार्ड बरामद किए गए हैं। साइबर ठगों ने अपने नाम आरिफ, मुस्तफा, राशिद, मोहम्मद, राशिद, साकरा, मंजीत, मुर्स्लीम होना बताया। आरोपियों के खिलाफ साइबर पोर्टल 1930 पर कई शिकायतें दर्ज हैं।
- डीग जिला छोड़कर भाग जाएं साइबर ठग
एसपी ने साइबर ठगों को चेतावनी दी कि अगर कोई साइबर अपराधी है तो, वह यह काम बंद कर दे या फिर यह इलाका छोड़कर भाग जाए। डीग पुलिस साइबर ठगों को चुन-चुन कर पकड़ेगी। इसके अलावा अगर कोई भी व्यक्ति साइबर ठगों की सूचना देगा तो, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा।