भरतपुर लोकसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से फसलों का नुकसान: सांसद संजना जाटव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
कठूमर (दिनेश लेखी) भरतपुर सांसद संजना जाटव ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को एक पत्र लिखकर भरतपुर लोकसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के कारण रबी फसलों को हुए नुकसान की जानकारी दी है।
पत्र में उन्होंने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र भरतपुर सहित डीग व अलवर के प्रभावित क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से हुई अचानक बेमौसम भारी वर्षा और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। वर्तमान में रबी की फसलें गेहूं, सरसों आदि पककर तैयार थी या कटाई की प्रक्रिया में थीं, जो इस प्राकृतिक आपदा के कारण लगभग पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।
सांसद ने प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग की टीम भेजकर तत्काल विशेष गिरदावरी करवाई जाए।, फसल खराबे की रिपोर्ट तैयार कर किसानों को अधिकतम उचित मुआवजा अतिशीघ्र प्रदान किया जाए।, बीमा कंपनियों को निर्देशित किया जाए कि वे क्लेम प्रक्रिया में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित राहत प्रदान करने की मांग की है।
सांसद संजना जाटव ने आशा जताई कि सरकार सदैव की भांति किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उन्हें संबल प्रदान करेगी। पत्र की प्रतिलिपि कृषि मंत्री, राजस्थान सरकार और जिला कलेक्टर भरतपुर, डीग व अलवर को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।