संयुक्त निदेशक उद्यान विभाग ने किया डीग-भरतपुर का दौरा, किसानों के ग्रीन हाउस, सोलर पंप और फव्वारा संयंत्रों का सत्यापन
भरतपुर (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) भरतपुर उद्यान विभाग के संयुक्त निदेशक योगेश कुमार शर्मा ने आज डीग और भरतपुर जिलों का दौरा किया। उन्होंने कुम्हेर (डीग) और नदवई (भरतपुर) क्षेत्रों में उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत स्थापित संयंत्रों का निरीक्षण और सत्यापन किया।
इस दौरान, उन्होंने गांव छतरपुर में किसान शिव सिंह और नेमीचंद के यहां अनुदान पर स्थापित मिनी फव्वारा संयंत्रों का सत्यापन किया। इसके बाद, गांव सालिमपुर में किसान रूप सिंह और अशोक कुमार के नव स्थापित बगीचे, बूंद-बूंद सिंचाई संयंत्र और मिनी फव्वारा संयंत्रों का भी प्रति सत्यापन किया गया। गांव नयाबास में किसान विष्णु शर्मा के फव्वारा संयंत्र का भी सत्यापन किया गया।
नदवई में, किसान ईश्वर सिंह के यहां उद्यान विभाग द्वारा अनुदान पर स्थापित सोलर पंप सेट का प्रति सत्यापन किया गया। किसान ईश्वर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार की यह योजना बहुत लाभदायक है। सूर्योदय के साथ पंप चालू हो जाता है और सूर्यास्त से पहले बंद हो जाता है, जिससे रात में जंगली जानवरों और ठंड जैसे जोखिमों से बचाव होता है।
डीग जिले की कुम्हेर पंचायत समिति के गांव बौरई में, बच्चू सिंह के यहां विभाग द्वारा अनुदान पर स्थापित ग्रीन हाउस का अवलोकन किया गया। किसान बच्चू सिंह ने बताया कि 2 हजार वर्गमीटर के ग्रीन हाउस में खीरे की पहली फसल से उन्हें लगभग 3.5 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। उन्होंने ग्रीन हाउस योजना को राज्य सरकार की एक बहुत ही लाभदायक पहल बताया, जो भविष्य में मानव जगत के भरण-पोषण के लिए महत्वपूर्ण होगी।
इस क्षेत्र भ्रमण के दौरान, हरेंद्र सिंह कृषि अधिकारी और रामवीर सिंह स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक भी संयुक्त निदेशक के साथ मौजूद रहे।