दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रोड सेफ्टी के लिए विशेष अभियान: 78 वाहनों के चालान कटे, लेन ड्राइविंग पर सख्ती
अलवर के बड़ौदामेव स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष जागरूकता और कार्रवाई अभियान शुरू किया है। यह अभियान आईजीपी जयपुर रेंज के निर्देश पर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ट्रक चालकों, टूरिस्ट यात्रियों और बच्चों को सुरक्षित यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
इस अभियान के तहत एक्सप्रेसवे के नीचे बने ट्रक पार्किंग स्थलों पर ड्राइवर्स को रोककर लेन ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले लगभग 78 वाहनों के चालान भी काटे गए, जिससे सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
यातायात प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर अधिकांश दुर्घटनाएं लेन अनुशासन का पालन न करने के कारण होती हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपनी निर्धारित लेन में ही वाहन चलाने का आग्रह किया। शर्मा ने लेन ड्राइविंग के नियमों की विस्तृत जानकारी भी दी।
उनके अनुसार, सबसे दाहिनी लेन केवल इमरजेंसी वाहनों के लिए रिजर्व है। दूसरी लेन कारों और अन्य हल्के वाहनों के लिए है, जिन्हें ओवरटेक करने के बाद अपनी लेन में वापस आना चाहिए। तीसरी लेन बसों जैसे मध्यम वाहनों के लिए निर्धारित है, जबकि सबसे बाईं लेन ट्रकों जैसे भारी वाहनों के लिए है।