हमीरगढ़ हवाई पट्टी से उड़ान की मांग संसद में गूंजी, भीलवाडा की आवाज दिल्ली-मुंबई अहमदाबाद एयर कनेक्टिविटी पर जोर
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) हमीरगढ़ हवाई पट्टी के समुचित विकास और वहां से देश के प्रमुख महानगरों—दिल्ली, मुंबई एवं अहमदाबाद—के लिए नियमित हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग अब संसद तक पहुंच गई है। भीलवाडा सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा के शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, जिसमें क्षेत्रीय उड़ान योजना (UDAN) के अंतर्गत हवाई सेवा प्रारंभ करने पर जोर दिया गया। गौरतलब है सांसद अग्रवाल ने चुनाव के दौरान भी जनता से वादा किया था की भीलवाडा को हवाई सेवाओँ से जोड़ा जाएगा।
सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि सासंद अग्रवाल ने सदन में कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी से हवाई सेवाएं शुरू होने से भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों को औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों में नई गति मिलेगी। साथ ही आमजन को सस्ती और सुलभ हवाई कनेक्टिविटी भी उपलब्ध हो सकेगी।
लोकसभा में उठी भीलवाडा की -
आवाज से क्षेत्रीय विकास और बेहतर हवाई सुविधा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। सांसद अग्रवाल ने बताया कि संसद में निर्वाचित होने के तुरंत बाद ही इस मांग को सरकार के समक्ष रखा गया था। सरकार भी इस दिशा में सकारात्मक है और विभिन्न शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने के पक्ष में है। हालांकि, कई बार प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद अब तक किसी भी एयरलाइंस कंपनी ने यहां से सेवाएं शुरू करने में रुचि नहीं दिखाई है। सासंद ने भरोसा दिलाया कि वे लगातार इस मुद्दे पर प्रयासरत हैं और सरकार के माध्यम से एयरलाइंस कंपनियों से संपर्क कर जल्द से जल्द हवाई सेवाएं शुरू करवाने का प्रयास कर रहे हैं।
यदि यह योजना साकार होती है, तो भीलवाड़ा क्षेत्र को देश के बड़े शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलना विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
