गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व की धूम: डीग के गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ के साथ त्रिदिवसीय आयोजन शुरू; मंगलवार को सजेगा कीर्तन दरबार और अटूट लंगर
डीग (22 नवंबर) नीरज जैन
अंधविश्वास, पाखंड और वैमनस्य को त्यागकर समानता, विश्व-बंधुत्व व एकेश्वरवाद का संदेश देने वाले श्री गुरुनानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व (अवतरण दिवस) के उपलक्ष्य में रविवार से डीग के सोघर मोहल्ला स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में त्रिदिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।
अखंड पाठ का शुभारंभ, 24 नवंबर को मुख्य आयोजन रविवार सुबह ग्रंथी सुनील सिंह ने विधि-विधान से अरदास कर श्री गुरुग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का शुभारंभ करवाया। अखंड पाठ का समापन मंगलवार, 24 नवंबर को प्रातः 10 बजे होगा। समापन के पश्चात गुरुद्वारा साहिब में भव्य कीर्तन दरबार सजेगा तथा गुरुनानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित परिचर्चा के लिए विशेष दीवान सजाया जाएगा। इसी दिन शाम 6 बजे से गुरुद्वारा परिसर में अटूट लंगर का आयोजन किया जाएगा।
10 दिनों से निकल रही प्रभात फेरी प्रकाश उत्सव की जानकारी देते हुए पंजाबी समाज के जिला अध्यक्ष जी.के. लूथरा ने बताया कि समाज की ओर से पिछले दस दिनों से प्रतिदिन प्रातःकाल शहर में प्रभात फेरी निकाली जा रही है, जिसका समापन भी 24 नवंबर को प्रकाश उत्सव के दिन होगा।
शुभारंभ अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष अमित अरोड़ा, श्री पंजाबी समाज सेवा समिति डीग के अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, प्रवीण बबेजा, मनीष सेठी व सुमित बुद्धराजा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

