सकट चौथ माता का दो दिवसीय वार्षिक मेला 5 अप्रैल से होगा शुरू, मेले में रात्रि जागरण, कुश्ती, पद दंगल एवं नौटंकी का होगा आयोजन
सकट कस्बे के प्राचीन चौथ माता मंदिर पर 5 अप्रैल को ध्वजारोहण के साथ चौथ माता का दो दिवसीय वार्षिक मेला विधिवत शुरू होगा। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए चौथ माता मंदिर में शुक्रवार को मेला कमेटी एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजित हुई। चौथ माता मंदिर के पुजारी हितेश पाराशर ने बताया कि मेले के दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र व परिवार की सुख समृद्धि के लिए चौथ माता का व्रत रखकर चौथ माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इससे पूर्व 4 अप्रैल रात्रि को माता जागरण होगा। वहीं 5 अप्रैल को शाम 4 बजे चौथ माता मंदिर पर ध्वजा चढ़ाई जाएगी।
ध्वज यात्रा कस्बे के मुख्य बाजार स्थित श्री थाई वाले हनुमान जी महाराज मंदिर से बैंड बाजों की स्वर लहरियों के बीच ध्वज पूजन के साथ विधिवत रवाना होगी जो कस्बे के मुख्य मार्ग होते हुए चौथ माता मंदिर पहुंचेगी। इसी के साथ ही चौथ माता के दो दिवसीय वार्षिक मेले का आगाज होगा। सरपंच प्रतिनिधि फूलचंद सैनी ने बताया कि मेले के प्रथम दिन रात्रि को पद दंगल एवं दूसरे दिन 6 अप्रैल को चौथ माता का भरा भर मेला भरेगा व मेले में कुश्ती दंगल का कार्यक्रम आयोजित होने के साथ ही रात्रि में बृज नौटंकी कला केंद्र मथुरा के कलाकारों द्वारा सत्यवान सावित्री नाटक मंचन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा मेले में साफ सफाई जलपान रात्रि रोशनी दुकानदारों के लिए भोजन व्यवस्था की गई है वही मेले की व्यवस्थाओं को देखने के लिए मेला कमेटी का गठन किया गया है।


