राष्ट्रीय पोषण मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित, आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण पर जोर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत गठित जिला अभिसरण योजना समिति एवं जिला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने नवीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि आवंटन, भवन निर्माण तथा क्षतिग्रस्त केंद्रों की मरम्मत कार्यों की प्रगति पर संबंधित सीडीपीओ से फीडबैक लिया। साथ ही आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बताया कि नंद घर योजना, वेदांता ग्रुप की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त स्मार्ट लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने सभी सीडीपीओ अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने उपखंड अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत एवं कायाकल्प के लिए 15 दिवस में रिपोर्ट जिला परिषद को भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि चयनित 307 केंद्रों के अतिरिक्त अन्य केंद्रों को भी नंदघर के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने भुसावर ब्लॉक विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत झारौटी में नव आंगनवाडी केन्द्र का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ करने की बात कही।
उन्होंने पीएचईडी विभाग को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत बयाना, सेवर एवं वैर उपखंड क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीडीपीओ को निर्देशित किया कि वे सुपरवाइजरों के माध्यम से पाइपलाइन की वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक रूप से हैंडपंप लगाने के प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
डोर-टू-डोर अभियान चलाने के निर्देश-
जिला कलक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को कहा कि आगामी दो माह तक विशेष अभियान संचालित कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे कर अति कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों की पहचान सुनिश्चित की जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिए पोषाहार समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु नियमित मॉनिटरिंग की जावे।
उन्होंने वैर, भुसावर एवं नदबई क्षेत्रों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण हेतु अपार आईडी में प्रगति लाने की बात कही। उन्होंने समसा अंतर्गत शेष आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी उपखंड अधिकारियों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों में सेनेटरी नैपकिन, पोषक आहार की गुणवत्ता एवं बच्चों की स्थिति की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना में गोद भराई कर दो गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान किया।
बैठक में सीईओ मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राहुल सैनी, प्रशिक्षु आईएएस भानु शर्मा, एसीईओ रेखा रानी, जिला प्रबंधक भारती भारद्वाज, उपनिदेशक सिकरामाराम चोयल, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर, उप निदेशक राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उपखंड अधिकारी, ब्लॉक विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।


