गोविंदगढ़ में दो मासूम भाइयों की तबीयत बिगड़ी: अज्ञात पदार्थ के सेवन से बेहोश हुए, अलवर रेफर
अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे के गोरवाड़ी मोहल्ले में शनिवार देर शाम एक घटना सामने आई। घर में खेल रहे दो सगे भाइयों ने अज्ञात पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और बेहोश हो गए।
खैरथल के पाटन निवासी गिर्राज वर्तमान में गोविंदगढ़ के गोरवाड़ी मोहल्ले में रहते हैं। शनिवार देर शाम करीब 7:30 बजे उनके पांच वर्षीय बेटे चिराग और चार वर्षीय कार्तिक घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चों ने अनजाने में किसी अज्ञात पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में वे बेहोश होकर गिर पड़े।
बच्चों के पिता गिर्राज ने बताया कि घटना का पता चलते ही परिजन तुरंत दोनों बच्चों को गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। वहां मौजूद डॉक्टर ने बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, बच्चों की हालत नाजुक बनी रहने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल, दोनों बच्चों का उपचार अलवर में जारी है।

