राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खरसनकी के स्टाफ ने पेश की मानवता की मिसाल, बच्चों के लिए लगवाया वॉटर डिस्पेंसर
अलवर जिले के गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खरसनकी में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए विद्यालय स्टाफ द्वारा एक अनुकरणीय पहल की गई है। विद्यार्थियों को चिलचिलाती धूप और गर्मी में राहत पहुँचाने के उद्देश्य से समस्त स्टाफ ने स्वेच्छा से राशि एकत्रित कर विद्यालय परिसर में नया वॉटर डिस्पेंसर लगवाया है।
अब विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पीने के लिए शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा। प्रधानाचार्य प्रतिभा शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में बच्चों को होने वाली परेशानी को देखते हुए स्टाफ सदस्यों ने आपसी सहयोग से यह निर्णय लिया।
स्टाफ का मानना है कि ठंडे पानी की सुविधा होने से विद्यार्थी अधिक ऊर्जावान महसूस करेंगे और उनका पढ़ाई में मन लगेगा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रतिभा शर्मा के साथ ब्रह्मा नन्द जैमिनी, नरेन्द्र शर्मा, पूजा यूजूनिया, रोहित मीना, दिनेश सिंह, राहुल शर्मा, सुमन कुमारी, रामा देवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी विद्यालय परिवार के इस सेवाभावी कार्य की प्रशंसा की है।


