महुवा में श्री गुरु गोरखनाथ जयंती पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विधायक ने की 10 लाख रुपये की घोषणा
महुवा (अवधेश अवस्थी) कस्बे में शुक्रवार को श्री गुरु गोरखनाथ जयंती समारोह के अवसर पर भव्य कलश यात्रा और सभा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। श्री गुरु गोरखनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
कलश यात्रा प्रातः 8:00 बजे 'बड़ा महादेव जी मंदिर' से गाजे-बाजे के साथ रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर शिरकत की। महुवा के मुख्य बाजारों से गुजरते समय पूरा वातावरण 'गुरु गोरखनाथ के जयकारों' से गुंजायमान हो गया। यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। यात्रा पुनः बड़ा महादेव मंदिर पहुँचकर सभा में तब्दील हो गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि गुरु गोरखनाथ जी के आदर्श हमें सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने समाज की मांग पर गुरु गोरखनाथ सर्किल एवं श्मशान घाट की चारदीवारी निर्माण हेतु विधायक कोष से 10 लाख रुपये देने की महत्वपूर्ण घोषणा की। विधायक ने विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी श्रद्धालुओं को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
भव्य रैली के पश्चात आयोजित सभा में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और शिक्षा पर जोर देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन समस्त नाथ समाज एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया गया।
आयोजन में नाथ समाज के लालचंद योगी, योगी राजेंद्र महाराज, कैलाश योगी, लोकेश योगी, रामेश्वर योगी, बहादुर योगी, रिंकू योगी, कल्ला योगी, बबलू योगी, पुरुषोत्तम योगी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग और मातृशक्ति उपस्थित रही।


