रूपबास में नई गैस एजेंसी खोलने की मांग: 25 दिन में बुकिंग न होने पर फूटा जनता का आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रूपबास (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) )। रूपबास नगर पालिका क्षेत्र में गैस आपूर्ति की बदहाली को लेकर कस्बेवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। अखिल राजस्थान जन विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक नेता हरिशंकर शर्मा और राजपूत समाज के महामंत्री गीतम सिंह परमार के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने राज्यपाल और खाद्य एवं रसद मंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (SDM) विष्णु बंसल को ज्ञापन सौंपकर नई गैस एजेंसी खोलने की मांग की।
- क्या है मुख्य विवाद?
ज्ञापन में बताया गया कि रूपबास नगर पालिका क्षेत्र में वर्तमान में संचालित इंडेन गैस एजेंसी खुद को ग्रामीण क्षेत्र की एजेंसी बताकर उपभोक्ताओं की बुकिंग 45 दिन में स्वीकार कर रही है।
जबकि सरकारी नियमानुसार, शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए यह समय सीमा 25 दिन निर्धारित है। एजेंसी संचालक का कहना है कि उनकी एजेंसी ग्रामीण कोटे की है, जिससे शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- नई गैस एजेंसी की मांग और स्थानांतरण:
प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा ने मांग की है कि यदि वर्तमान एजेंसी ग्रामीण क्षेत्र की है, तो इसे ग्रामीण क्षेत्र में ही स्थानांतरित किया जाए और रूपबास नगर पालिका (शहरी क्षेत्र) के लिए तत्काल एक नई गैस एजेंसी आवंटित की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस न मिलना उनके अधिकारों का हनन है।
- आंदोलन की चेतावनी:
एसडीएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर हुई सभा में वक्ताओं ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नई गैस एजेंसी खोलने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई और शहरी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली, तो क्षेत्र की जनता बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
इस अवसर पर राजवीर सिंह चाहर, अजय डागुर, पार्षद पुरुषोत्तम लाला, शिक्षाविद् ओमकार शुक्ला, सत्यवीर सिंह किरार पार्षद, निरंजन लाल, प्रताप सिंह किरार, लक्ष्मण सिंह डागुर, बदन सिंह, बृजमोहन शर्मा, प्रताप दत्तात्रेय, शिवकुमार, विष्णु धाकड़, तोरण सिंह, रामनारायण शर्मा, गुलशन कौशल, नंदकिशोर बंसल, राकेश शर्मा और अरुण परमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


