राजकीय महाविद्यालय मालाखेडा में बीए पार्ट प्रथम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आरम्भ
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के राजकीय महाविद्यालय मालाखेडा में बीए. प्रथम वर्ष के लिए ऑनलाइन प्रवेश आवेदन प्रक्रिया 01 मई से आरम्भ हो गयी है | प्राचार्य डॉ रवि कुमार विजय ने बताया कि प्रवेशार्थी अपनी एसएसओ. आईडी के माध्यम से लॉगिन कर एचटीई पोर्टल पर अपना प्रवेश आवेदन ऑनलाइन प्रस्तुत करें | प्रवेशार्थी की सुविधा के लिए पोर्टल पर प्रवेश नीति एवं प्रवेश से सम्बंधित अन्य जानकारियाँ उपलब्ध है |
प्रवेश नोडल अधिकारी डॉ. रेनू शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश के हेतु प्रवेशार्थी को प्रवेश आवेदन करते समय अपनी योग्यता तथा आवश्यक समस्त प्रमाण पत्रों, प्रमाण पत्रों के जारी होने की तिथि, फोटो, हस्ताक्षर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजो को जाँच कर ही अपलोड करना चाहिए |
प्रवेशार्थी इस बात का पूरा ध्यान रखे की उनके नाम, पिता एवं माता के नाम की वर्तनी, जन्म-दिनांक उनकी बोर्ड अंक तालिका के अनुसार ही प्रविष्ट की गई हैं | प्रवेशार्थी के आधार कार्ड, जनाधार कार्ड, बैंक पासबुक, जातिप्रमाण पत्र, स्थानान्तरण प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, बोर्ड अंकतालिकाओ, इत्यादि में नाम, पिता-माता के नाम तथा स्वयं की जन्म-दिनांक में भिन्नता नहीं हो |
बोनस अंक हेतु प्रवेशार्थी को प्रवेश नीति के अनुसार सम्बंधित प्रमाण पत्र को आगे-पीछे से स्कैन करवा कर ही आवेदन फॉर्म के साथ अपलोड करना है | अपूर्ण, फोटो एव हस्ताक्षर रहित आवेदन फॉर्म स्वीकार्य नहीं होगा | ओबीसी ,एमबीसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र तीन वर्ष से पहले का बना हुआ मान्य नहीं है | अत: ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थी जिनका प्रमाण पत्र तीन वर्ष से पहले का बना हुआ है तो वे नया प्रमाण पत्र बनवा कर ही आवेदन फॉर्म में ऑनलाइन अपलोड करें | इसके अभाव में ओबीसी,एमबीसी,ईडब्ल्यूएस का लाभ देय नहीं होगा | प्रवेश हेतु आवेदन फॉर्म को ऑनलाइन भरने की अंतिम तिथि 15 मई 2026 है |


