भरतपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया 'बंगाल विजय दिवस'; आतिशबाजी और मिठाई वितरण कर व्यक्त किया हर्ष
हलैना/भरतपुर (विष्णु मित्तल) पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिले भारी जनसमर्थन और सफलता के उपलक्ष्य में सोमवार को भरतपुर के कृष्णा नगर स्थित प्रबल टावर चौराहे पर भव्य विजय उत्सव मनाया गया। भाजपा जिला संगठन प्रभारी नरेश बंसल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और राहगीरों को मिठाई बाँटी।
मुख्य अतिथि नरेश बंसल एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सतेंद्र गोयल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की यह सफलता मील का पत्थर साबित होगी। पूर्व प्रदेश मंत्री अरविंद पाल सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के साथ-साथ असम और पांडिचेरी की जीत भाजपा संगठन के हजारों कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत का परिणाम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ ताखा ने इस विजय को प्रधानमंत्री के विकास कार्यों की जीत बताया। कार्यक्रम संयोजक एवं भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष केशव सायपुर ने कहा कि यह जीत आगामी '2047 के विजन' को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
विजय दिवस के रूप में मनाए गए इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। इस अवसर पर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष झालामूडी, कृष्णा जाट, पंकज शर्मा, जिला मंत्री रॉकी जाटव, पूर्व मंडलाध्यक्ष हम्मीर सिंह परमार, वीरेंद्र करही, राहुल जाटव, हरेंद्र सिंह डागुर, भगत सिंह जाटव, नीलिमा बघेल और रंजना ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


