कठूमर में आंधी-तूफान का तांडव: 31 पोल टूटे, बिजली विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य कर 3 घंटे में बहाल की आपूर्ति
कठूमर (दिनेश लेखी) क्षेत्र में सोमवार रात अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण बिजली लाइनों में फॉल्ट आ गया, जिससे कठूमर सहित आसपास के कई इलाकों में करीब तीन घंटे से अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आंधी के कारण कुल 31 बिजली पोल टूटकर गिर गए, वहीं दो सिंगल फेज और तीन थ्री-फेज ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हो गए। तेज हवाओं से तारों में आए फॉल्ट के चलते पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई और कई स्थानों पर अंधेरा छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग हरकत में आ गया। सहायक अभियंता कृष्ण गोपाल शर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। टीम में कनिष्ठ अभियंता बंशीधर गुर्जर व भुवनेश कौशिक सहित अन्य कर्मचारियों ने लगातार मेहनत करते हुए फॉल्ट को तलाशकर उसे ठीक किया। प्रतिकूल मौसम और तेज हवाओं के बीच कर्मचारियों ने जोखिम उठाते हुए कार्य को अंजाम दिया।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विभाग ने सफलतापूर्वक बिजली सप्लाई को बहाल कर दिया। आपूर्ति शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। विभाग की तत्परता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने सराहना की।


