जयपुर: मालवीय नगर में युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, चेन-ब्रेसलेट के साथ जूते भी लूटे
जयपुर | राजधानी के पॉश इलाके मालवीय नगर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार देर रात वाल्मीकि कॉलोनी में बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर न केवल उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि गहने, मोबाइल और यहां तक कि उसके जूते भी लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रोग्राम से घर लौटते समय बनाया निशाना
मालवीय नगर थाने के एएसआई मुकेश ने बताया कि पीड़ित नवीन, जो वाल्मीकि कॉलोनी का ही निवासी है, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे पड़ोस में एक कार्यक्रम से पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास आकर रुके। बदमाशों ने नवीन को डराया-धमकाया और जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले गए।
डंडों से पीटा और सब कुछ छीना
पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि बदमाशों ने सुनसान जगह ले जाकर उसे डंडों से बेरहमी से पीटा। मारपीट के बाद लुटेरों ने नवीन के गले से सोने की चेन, हाथ का ब्रेसलेट और मोबाइल छीन लिया। इतना ही नहीं, जाते-जाते बदमाश युवक के जूते तक उतरवाकर अपने साथ ले गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद घायल अवस्था में पीड़ित मालवीय नगर थाने पहुंचा और अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
-
जांच: पुलिस ने वारदात स्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटाना शुरू कर दिया है।
-
दावा: पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


