अग्निवीर अभ्यर्थियों की ऑनलाइन सीईई परीक्षा 1 से 12 जून तक आयोजित होगी
भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) परीक्षा का आयोजन 1 से 12 जून 2026 के मध्य किया जाएगा। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर प्रेषित किए जा चुके हैं।
सैना भर्ती कार्यालय अलवर के निदेशक ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र प्राप्त करने अथवा उससे संबंधित किसी प्रकार की समस्या हो, वे जॉईन इंडियन आर्मी वेबसाइट पर लॉगिन कर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी आर्मी भर्ती कार्यालय अलवर में भी संपर्क कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को यह सामग्री साथ लानी होगी-
परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की मुद्रित प्रति तथा वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड एवं दसवीं कक्षा का प्रमाणपत्र मान्य रहेगा। प्रवेश पत्र की डिजिटल प्रति स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र पर अंकित दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा उनका पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


