रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लगी हादसे में करीब आधा दर्जन से अधिक घायल
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) टहला क्षेत्र के दाता खोदरी गांव में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा इतना भयावह था कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घर के अंदर बैठे लोग अचानक आग की चपेट में आ गए और देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। हादसे में मासूम बच्चों समेत आठ लोग झुलस गए, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार परिवार के लोग घर में मौजूद थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर से अचानक लीक हुई गैस ने आग पकड़ ली और कुछ ही सेकंड में तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाके के बाद घर में आग फैल गई। घायलों में लक्ष्मी (12), लाडो देवी (50), मंजू (40), हैम सिंह (13) और आलोक (5) को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं किंलटु (18), राधेश्याम (45) और अनूप (4) का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।


