नीट पेपर लीक, बेलगाम महंगाई और बिजली-पानी संकट के खिलाफ कांग्रेस का 'हल्ला बोल'; बैलगाड़ी और ऊंटगाड़ी पर अनोखा प्रदर्शन, राष्ट्रपति व जिला कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन

Jun 1, 2026 - 18:31
 0
नीट पेपर लीक, बेलगाम महंगाई और बिजली-पानी संकट के खिलाफ कांग्रेस का 'हल्ला बोल'; बैलगाड़ी और ऊंटगाड़ी पर अनोखा प्रदर्शन, राष्ट्रपति व जिला कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन

सुमेरपुर/तखतगढ़ (बरकत खान)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा की अध्यक्षता में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल 'हल्ला बोल महारैली' और धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में देश में हुए नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण, पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों तथा स्थानीय स्तर पर बिजली-पानी व खस्ताहाल सड़कों के संकट को लेकर पुरजोर आवाज उठाई गई। प्रदर्शन में भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं और आम जनता ने भाग लिया।

महारैली सवेरे 10 बजे भैरूचौक स्थित शास्त्री सर्किल पर भारी हुजूम के साथ एकत्रित हुई। कांग्रेसजनों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए बैलगाड़ी पर रसोई गैस सिलेंडर और ऊंटगाड़ी पर मोटरसाइकिल रखकर रैली निकाली। यह महारैली मुख्य बाजार, मेहता प्याऊ, गांधी मूर्ति और राजगुरु सर्किल होते हुए गगनभेदी नारों के साथ उपखंड (एसडीएम) कार्यालय पहुंची, जहां यह विशाल धरने में तब्दील हो गई। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'नीट का पेपर कहां मिलेगा-बीजेपी के बाड़े में' और 'बिजली पानी दे ना सकी जो सरकार बदलनी है' जैसे नारों से भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कालूराम कुम्हार को दो अलग-अलग महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे:

  1. राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन: नीट-2026 परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफा लेने और कमरतोड़ महंगाई पर रोक लगाने की मांग की गई।

  2. जिला कलेक्टर पाली के नाम ज्ञापन: स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर सौंपे गए इस ज्ञापन में सुमेरपुर क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट, बदहाल सड़कों और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निस्तारण करने की मांग की गई।

नेताओं के तीखे प्रहार: "ऊपर बादल गरजते हैं और नीचे बिजली चली जाती है"

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। स्थानीय अव्यवस्थाओं पर तंज कसते हुए मेवाड़ा ने कहा कि क्षेत्र में बिजली का यह हाल है कि "ऊपर बादल गरजते हैं और नीचे बिजली चली जाती है।" भीषण गर्मी में जनता घंटों बिजली कटौती झेल रही है। उन्होंने स्थानीय कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत को घेरते हुए कहा कि जब मंत्री के अपने गृह क्षेत्र में मानसरोवर होटल के पास पिछले 20 दिनों से मुख्य सड़क पर गड्ढा खुला पड़ा है, तो शेष प्रदेश की बदहाली का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने बाड़मेर में हुई सैकड़ों गौमाताओं की मौत पर भी सरकार की संवेदनहीनता को कोसा।

युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश राजपुरोहित ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक छोटे से तूफान ने कैबिनेट मंत्री और बिजली विभाग की पोल खोल कर रख दी। जनता 30 घंटे तक अंधेरे में रही और ढाई साल में पहली बार जनता को मंत्री आवास का घेराव करना पड़ा।

धरने को विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद, तेजसिंह रामनगर, आनंद सोलंकी, करण सिंह चाणोद, प्रकाश चौधरी, प्रेमाराम नेतरा, शंकर देवासी और सुमेरसिंह मनवार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन ब्लॉक अध्यक्ष नेपालसिंह पावा ने किया।

इस अवसर पर मोहन हटेला, भंवर सिंह चौधरी, नगर अध्यक्ष सुभाष मेवाड़ा, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कंचन परमार, महेंद्रसिंह मेवाड़ा, फुटरमल सुथार, सत्यप्रकाश कुमावत, जाफर सिलावट, महबूबअली, चतराराम मेघवाल सहित सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरकर और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................