भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें सभी विभागों को आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं गुणवत्ता के साथ समय पर उपलब्ध करते हुए जनहित से जुडे विकास कार्यों को 30 जून तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि वर्षा के मौसम को देखते हुए नगर निकायों में नालों की सफाई एवं पानी निकासी से सम्बन्धित कार्यों को 30 जून तक पूरा कराये जिसमें आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि शहर में प्रमुख मार्गों के निर्माण व चौडाईकरण के समय आमलोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार कर निर्माण कार्य गति के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि आमजन के परिवादों का सभी विभाग समयबद्ध के साथ निस्तारित करते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जलदाय विभाग को स्वीकृत ट्यूवैलों को समय पर तैयार करने विद्युत निगम को शीघ्रता से कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुके कार्यों को शुरू कर आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराते हुए शेष कार्यों को गति से पूर्ण कराये। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में पात्रजनों को लाभान्वित कराने एवं लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की बात कही। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि वर्षा पूर्व क्षतिग्रस्त सडकों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करायें। ऐसे स्थान जहां बरसात में सडकों पर जलभराव की समस्या होती है, स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने हरियालों राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुये कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अभियान पूर्व ही तैयारियां पूर्ण करें। पौधरोपण के लिये स्थान चिन्हित कर कहां-कहां से पौधे लेने हैं इसकी पूरी तैयारी करें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने अपने कार्यालय भवनों सहित जिले के सभी स्कूल भवनों में वाटर हारर्वेस्टिंग के कार्य को पूर्ण करायंे। उन्होंने चिकित्सा विभाग को सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं आवश्यक चिकित्सा उपकरण दुरूस्त रखने के निर्देश प्रदान किये।
बैठक में एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, सिटी राहुल सैनी, सहायक निदेशक लोक सेवाएं भारती भारद्वाज, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।