'अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ':विधायक ने किया ग्रामीणों से आत्मीय संवाद; मौके पर ही हुआ समस्याओं का त्वरित निस्तारण
रामगढ़ (अलवर), 19 जून (अमित कुमार)। क्षेत्र के विकास और आमजन को राहत देने के संकल्प के साथ शुक्रवार को रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह नगर पालिका परिसर में आयोजित 'ग्रामीण सेवा शिविर-2026' में पहुंचे। शिविर में शिरकत करते हुए विधायक ने विभिन्न विभागों के काउंटर्स का निरीक्षण किया और वहां मौजूद ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद कर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
सरकार की नीतियां गरीब और आमजन के हित समर्पित: विधायक
शिविर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ आम जन और गरीबों के हित में लगातार काम कर रही हैं। सरकार की हर योजना का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को संबल देना है, जिसका लाभ हर पात्र व्यक्ति को उठाना चाहिए। उन्होंने सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि ग्रामीण उत्थान के लिए वे हमेशा तत्पर हैं।
मौके पर ही हुआ समस्याओं का निराकरण, बांटे पट्टे
शिविर के दौरान विधायक ने विभिन्न विभागों से संबंधित आमजन की समस्याओं और लंबित प्रकरणों को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर की सार्थकता को सिद्ध करते हुए ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर विधायक सुखवंत सिंह के हाथों कई पात्र लाभार्थियों को भूखंडों के पट्टे वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। इसके साथ ही विधायक ने कई जरूरतमंदों को 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के नियमों और लाभ उठाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण शिविर और जनसुनवाई के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मौके पर रामगढ़ मंडल अध्यक्ष भगवान सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोविंद सैनी, पूर्व बार अध्यक्ष लाखन दत्त शर्मा, अविनाश यादव, गजेंद्र शर्मा, विजय शेखावत, लकी कुकरेजा, महेंद्र चौधरी, राहुल सांवरिया, ओम प्रकाश सैनी, मनीष सेन, विद्युत विभाग से रविंद्र मीणा सहित भाजपा नेता दिनेश यादव, भूतपूर्व सैनिक यादव समाज अध्यक्ष शमशेर यादव, राजेश दत्त, राजकुमार कश्यप, राजकुमार खंडेलवाल और भाजपा युवा नेता गौरव सोनी सहित भारी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद थे।


