अनिल भक्कड़ वैश्य वर्ल्ड फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। वैश्य समाज के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाने वाले बोरावड़ निवासी व दिल्ली के अप्रवासी अनिल भक्कड़ को वैश्य वर्ल्ड फाउंडेशन का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। इस संबंध में फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल गुप्ता द्वारा आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। वैश्य अखाड़ा प्रमुख महामण्डलेश्वर स्वामी बालकानन्द गिरी महाराज ने भक्कड़ को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि अनिल भक्कड़ को संगठन के आगामी कार्यक्रमों के सुचारू संचालन, सदस्यता अभियान के विस्तार तथा वैश्य समाज के विभिन्न घटकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। फाउंडेशन के शीर्ष नेतृत्व ने उनके पूर्व के कार्यों, समाज के प्रति समर्पण एवं संगठन के प्रति प्रतिबद्धता पर पूर्ण विश्वास जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन देश भर में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। अनिल भक्कड़ की इस राष्ट्रीय स्तर पर नियुक्ति की सूचना मिलते ही मकराना, बोरावड़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से समाज बंधुओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें दूरभाष व सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई संदेश भेजे और उनके उज्ज्वल व सफल कार्यकाल की कामना की।


