संगमसर व्यापार मंडल चुनाव: प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह, हुसैन गैसावत निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए
चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, व्यापारियों में भारी उत्साह
मकराना(मोहम्मद शहजाद)। संगमसर व्यापार मंडल बाईपास रोड, मकराना की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को मुख्य चुनाव अधिकारी नितेश कुमार जैन के निर्देशन में नामांकन पत्रों की जांच और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पारदर्शी व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सभी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए, जिसके बाद उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इस दौरान सहायक चुनाव अधिकारी प्रकाश चंद प्रजापत, असगर अली रांदड़, हाजी मोहम्मद अकरम चौहान और लीगल एडवाइजर एडवोकेट आबिद गैसावत मौजूद रहे। चुनाव प्रक्रिया के तहत उपाध्यक्ष पद पर केवल एक नामांकन प्राप्त होने के कारण हुसैन गैसावत को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव अधिकारियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर शुभकामनाएं दीं, जिसके बाद समर्थकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। अन्य पदों के लिए मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अध्यक्ष पद पर अदनान गैसावत (मशाल), फरान अहमद (सिलेंडर), सचिव पद पर अनवर अहमद (खजूर का पेड़), नदीम खान (जीप), सह-सचिव पद पर अरफान अहमद (बस), चांद मोहम्मद (उगता सूरज), कोषाध्यक्ष पद पर अनवर अहमद (दवात-कलम), मोहम्मद आरिफ (गैस चूल्हा), नूर हसन (कुर्सी) चुनावी मैदान में है। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद सभी प्रत्याशियों ने बाईपास रोड क्षेत्र के व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जाकर जनसंपर्क और वोट की अपील तेज कर दी है। व्यापार मंडल के इन चुनावों को लेकर स्थानीय व्यापारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चाय की थड़ियों से लेकर दुकानों तक चुनावी चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सभी की निगाहें आगामी मतदान और उसके बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हुई हैं।


