अखिल समाज सेवा दल द्वारा नागौर के डॉ. ललित कुमार आचार्य 'सेवा रत्न सम्मान 2026' से सम्मानित
नागौर (मोहम्मद शहजाद)। अखिल समाज सेवा दल द्वारा राजधानी जयपुर में आयोजित 'सेवा रत्न सम्मान समारोह 2026' में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं के साथ-साथ सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
संस्था के मीडिया प्रभारी सुनील जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को जयपुर में गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा, भामाशाह, चिकित्सा, पत्रकारिता, राष्ट्रहित और सर्व समाज हित आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का अभिनंदन किया गया। संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष वर्षा नायक की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में नागौर के प्रख्यात पर्यावरण प्रेमी और 'गौरैया बचाओ अभियान' के प्रणेता डॉक्टर ललित कुमार आचार्य को उनके विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए प्रतिष्ठित "सेवा रत्न सम्मान – 2026" भेंट किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा डॉ. आचार्य को सम्मान पत्र (प्रमाण पत्र) और मोमेंटो (स्मृति चिह्न) प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के ओड़िशा प्रदेश प्रभारी दिलीप कुमार प्रूसेथ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। डॉक्टर ललित कुमार आचार्य को प्रांतीय स्तर पर यह उच्च सम्मान मिलने पर नागौर शहर के पर्यावरण प्रेमियों, प्रबुद्धजनों और उनके शुभचिंतकों ने गहरी खुशी व्यक्त की है तथा उन्हें बधाई संदेश प्रेषित किए हैं।


