प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे की मिसाल बनें पर्व एवं त्यौहार-भारती गुप्ता
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आगामी मोहर्रम एवं ताजिया पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द्र एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक बुधवार को थाना मथुरागेट परिसर में आयोजित की गई। बैठक में ताजिया लाइसेंस धारकों, आयोजकों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता एवं आईपीएस सीओ सिटी आशिमा वासवानी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने कहा कि भरतपुर सदैव से प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र की मिसाल रहा है। सभी पर्व एवं त्यौहार आपसी सद्भाव, शांति और सहयोग की भावना के साथ मनाए जाएं, जिससे जिले की गौरवशाली परंपरा और अधिक मजबूत हो। उन्होंने आयोजकों एवं शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे आयोजनों पर सतत निगरानी रखें तथा निष्पक्ष एवं जिम्मेदार भूमिका निभाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि ताजिया जुलूस एवं शोभायात्राओं के निर्धारित मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए तथा जहां कहीं भी बिजली के तार ढीले या अव्यवस्थित हों, उन्हें संबंधित विभाग के माध्यम से समय रहते ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में ऐसी ऊंची संरचनाओं या वस्तुओं का उपयोग नहीं किया जाए जिनसे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका हो। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस कोई भी ताजिया नहीं निकाला जाएगा ।
आईपीएस सीओ सिटी आशिमा वासवानी ने कहा कि सभी समिति सदस्य पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा भरतपुर की अमन, शांति और गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मोहर्रम पर्व का सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं माकूल इंतजाम किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने या उपद्रव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आयोजकों से निर्धारित समय एवं स्वीकृत मार्ग का पूर्ण पालन करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध गतिविधि या अवांछित स्थिति दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं आयोजकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि मोहर्रम एवं ताजिया कार्यक्रम पूर्ण शांति, अनुशासन और कानून व्यवस्था के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। सभी समुदायों के सहयोग से भरतपुर की कौमी एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की परंपरा को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार शहर अजय पारीक, मथुरागेट थाना प्रभारी हरलाल, कोतवाली थाना प्रभारी रामनिवास, अटलबंद थाना प्रभारी हेमेंद्र, वाहिद खान, नदीम, शरीफ शाह सहित जिला शांति समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


