29 जून से खुलेंगे विद्यालय, कक्षाओं की ओर लौटेगा बचपन; बच्चों की किलकारियों से गुलजार हो रहे शहर के पार्क, उठा रहे लुत्फ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) खैरथल करीब दो माह तक बच्चों की चहल-पहल, झूलों की उड़ान और परिवारों की रौनक से आबाद रहे खैरथल शहर के सार्वजनिक पार्क अब धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या की ओर लौटते नजर आ रहे हैं। 29 जून से स्कूल खुलने के साथ ही ग्रीष्मावकाश समाप्त हो जाएगा और छुट्टियों के दौरान सुबह-शाम पार्को में उमड़ने वाली भीड़ में भी कमी आने लगेगी।
गर्मी की छुट्टियों में शहर के सार्वजनिक पार्क बच्चों, युवाओं और अभिभावकों के लिए सबसे पसंदीदा ठिकाना बने रहे। सुबह और शाम के समय झूलों पर बच्चों की मस्ती, खुले मैदानों में खेलकूद और हरियाली के बीच परिवारों की मौजूदगी ने पार्कों को जीवंत बनाए रखा। छुट्टियों के कारण बच्चों के पास पर्याप्त समय था, इसलिए वे रोजाना अभिभावकों के साथ पार्क पहुंचकर मनोरंजन करते रहे।
युवा वर्ग ने भी पार्को का भरपूर उपयोग किया। किसी ने मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया तो किसी ने हरियाली के बीच समय बिताकर प्रकृति के सान्निध्य का आनंद लिया। वहीं बुजुर्गों के लिए पार्क सुबह-शाम सैर, योग और आपसी मेल-मिलाप का प्रमुख केंद्र बने रहे।
पार्कों में लगे रंग-बिरंगे फूल, सजावटी पौधे और हरे-भरे लॉन लोगों को आकर्षित करते रहे। शाम के समय बच्चों की खिलखिलाहट और परिवारों की मौजूदगी से पार्को का माहौल उत्सव जैसा नजर आया।
अब ग्रीष्मावकाश समाप्ति की ओर है। 29 जून से विद्यालय खुलने के बाद बच्चों का अधिकांश समय पढ़ाई, गृहकार्य और शैक्षणिक गतिविधियों में व्यतीत होगा। ऐसे में पिछले कई सप्ताह से पार्को में दिखाई दे रही रौनक कुछ कम होती नजर आएगी। हालांकि छुट्टियों में बिताए गए ये सुनहरे पल बच्चों और अभिभावकों की यादों में लंबे समय तक बने रहेंगे।


