गश्त के दौरान पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, वन विभाग को देख चालक फरार
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने डोरोली के समीप पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वन कर्मियों को आता देख चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही छोड़कर भागने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, सहायक वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी के निर्देशानुसार राजगढ़ और लक्ष्मणगढ़ वन विभाग के संयुक्त गश्ती दल द्वारा क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान डोरोली के समीप वन क्षेत्र की पहाड़ियों पर अवैध रूप से पत्थरों का खनन कर उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली में ले जाने की सूचना मिली।
गश्ती दल को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम द्वारा पीछा किए जाने पर वह घबरा गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को रास्ते में ही छोड़कर वन क्षेत्र की आड़ में फरार हो गया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया और उसे डोरोली स्थित वन विभाग के नाके पर लाकर खड़ा करवा दिया है। वन विभाग द्वारा ट्रैक्टर के नंबरों के आधार पर वाहन मालिक और फरार चालक की तलाश की जा रही है, साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


