ग्रामीण सेवा शिविर में वर्षों पुरानी नाम शुद्धि समस्या का हुआ समाधान
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीण सेवा शिविर 2026 अभियान के अंतर्गत बुधवार को पंचायत समिति नदबई की ग्राम पंचायत मई में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
ग्राम मई निवासी नरेश कुमार पुत्र रोशनलाल का राजस्व अभिलेखों में नाम बांके पुत्र रोशनलाल था जो नाम शुद्धि संबंधी वर्षों पुरानी समस्या चली आ रही थी। नाम शुद्धि के लिए ग्रामीण सेवा शिविर में आवेदन किया गया। नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी गिरदावर एवं पटवारी द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचे, जहां उनके नाम की वर्षों से लंबित त्रुटि का समाधान कर दिया गया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारी ने उपस्थित होकर नरेश कुमार की समस्या सुनीं।
लाभार्थी का अभिलेखों में नाम बांके दर्ज था, जिसे शुद्ध कर नरेश कुमार किया गया। उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही करते हुए दोनों नामों की शुद्धि कराई गई। उपखंड अधिकारी सचिन यादव के कहने पर नाम शुद्धि संबंधी कार्यों का त्वरित समाधान कराया गया।
लाभार्थी नरेश कुमार ने बताया कि शिविर उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। जो कार्य लंबे समय से लंबित था, वह शिविर में तत्काल पूरा हो गया। त्वरित समाधान से उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई और लाभार्थी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राजस्व विभाग तथा जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।


