मकान निर्माण के विवाद में जानलेवा हमला: 50-60 लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा, एक ही परिवार के 5 घायल
खैरथल-तिजारा (राजस्थान) मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। एक पक्ष के करीब 50 से 60 लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में एक परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना खैरथल-तिजारा जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र में रविवार की है। घायलों को ततारपुर हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां से अलवर रैफर किया गया। डेरा हटाने पर भड़के, हमला किया पीड़ित जीतराम ने बताया कि रायपुर रोड स्थित प्लॉट का हमारे पास पट्टा है। बच्चन और सिमुड़ा बंजारा ने हमारे प्लॉट के पास अवैध रूप से डेरा डाल रखा है। वे पहले भी हमसे विवाद कर चुके हैं, जिसके डर से हमारा परिवार कुछ समय के लिए खेतड़ी के पास सिंघाना चला गया था। रविवार को जब हम अपने प्लॉट पर मकान का निर्माण कराने पहुंचे और उनसे डेरा थोड़ा हटाने का निवेदन किया, इस पर वे भड़क गए। देखते ही देखते 50 से 60 लोग लाठी-डंडे और पत्थर लेकर आ गए और हमला कर दिया। हमले में सुगना, छोटेलाल, संतोष, राहुल व रामरतन घायल हो गए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के समय पुलिस को तुरंत सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।


