पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया जारी: 7 अगस्त तक ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन
हलैना (विष्णु मित्तल)। भारत सरकार द्वारा भरतपुर जिले के धौंकरवाड़ा कलां में संचालित आवासीय पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्रवेश परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को होगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.बी. सक्सेना ने बताया कि इस प्रवेश प्रक्रिया में भरतपुर एवं डीग जिले के राजकीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में वर्तमान सत्र 2026-27 में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क एवं ऑनलाइन है। आवेदन के लिए छात्र-छात्रा की आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उनका उसी जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
80 सीटों पर मिलेगा प्रवेश, अब तक 1,956 आवेदन प्राप्त: प्रधानाचार्य ने बताया कि धौंकरवाड़ा कलां स्थित नवोदय विद्यालय में कुल 80 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इसमें भरतपुर जिले के सेवर, वैर, बयाना, भुसावर, उच्चैन, रूपवास, भरतपुर शहर और डीग जिले के कुम्हेर, डीग, कामां, नगर व पहाड़ी ब्लॉक के छात्र पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि गत वर्ष लगभग 2,000 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, वहीं इस वर्ष अब तक 1,956 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
आवेदन करने का तरीका: इच्छुक अभिभावक व छात्र नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट (navodaya.gov.in) के पोर्टल पर जाकर "Class 6 Registration" लिंक के माध्यम से आवश्यक विवरण भरकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

