अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन: झुंझुनूं जिले की नई कार्यकारिणी की घोषणा, संगठन को मिलेगी मजबूती
सुमेर सिंह राव | झुंझुनूं
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (पूर्वी राजस्थान) ने झुंझुनूं जिले में संगठन की जड़ों को और मजबूत व सक्रिय बनाने के लिए नई जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का मनोनयन किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल की सहमति के बाद प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग और प्रदेश महामंत्री गोपाल अग्रवाल ने नियुक्ति आदेश जारी किए।
जारी आदेशों के अनुसार संदीप केडिया और सुदीप गोयल को जिला महामंत्री, जबकि रामावतार अग्रवाल (पवन गुढ़ावाला) को जिला कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला ने बताया कि नवमनोनीत पदाधिकारियों की सक्रियता से जिले में समाज को नई गति और एकजुटता मिलेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों की सलाह से जल्द ही कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इन नियुक्तियों पर पूरे जिले के अग्रवाल समाज में हर्ष की लहर है।
अनुभवी चेहरे संभालेंगे कमान:
-
संदीप केडिया (जिला महामंत्री): चिड़ावा निवासी व झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर सक्रिय पत्रकार संदीप केडिया पूर्व में भी सम्मेलन में विभिन्न पद संभाल चुके हैं। वे वर्तमान में अखिल भारतीय जर्नलिस्ट एंड मास मीडिया फेडरेशन के जिलाध्यक्ष भी हैं। उनके पत्रकारिता और संगठनात्मक अनुभव से समाज को नई दिशा मिलेगी।
-
सुदीप गोयल (जिला महामंत्री): नवलगढ़ निवासी सुदीप गोयल पिछले 28 वर्षों से 'आशा का झरना' संस्था के ज़रिए झुंझुनूं, सीकर व नवलगढ़ में 300 से अधिक विशेष (दिव्यांग व मूक-बधिर) बच्चों के पुनर्वास के लिए कार्यरत हैं। राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत सुदीप गोयल का सामाजिक सेवा का अनुभव संगठन के काम आएगा।
-
रामावतार अग्रवाल (जिला कोषाध्यक्ष): छावनी बाजार निवासी युवा व्यापारी रामावतार अग्रवाल (पवन गुढ़ावाला) शहर के सबसे बड़े गल्ला व्यापार संघ के सचिव हैं। सामाजिक और धार्मिक कार्यों में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह अहम पद दिया गया है।
नवमनोनीत पदाधिकारियों ने अपने मनोनयन पर राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।

