डीजे की धुन और पुष्पवर्षा के साथ पहुंची कांवड़ यात्रा,लोहार्गल धाम से लाई कांवड़ों से हुआ शिवजी का जलाभिषेक
उदयपुरवाटी/बाघोली (सुमेर सिंह राव)। क्षेत्र के पास स्थित 'झुंझार जी की ढाणी' के शिव मंदिर में सोमवार को लोहार्गल धाम से लाई गई कांवड़ों से श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र "बम-बम भोले" और "हर-हर महादेव" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बी.एल. सैनी के नेतृत्व में दर्जनों शिव भक्तों का जत्था रविवार को पवित्र तीर्थ स्थल लोहार्गल धाम पहुंचा था। वहां सूर्यकुंड में पवित्र स्नान करने के पश्चात कांवड़िए पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा के साथ रवाना हुए।
डीजे की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाते कांवड़िया सोमवार सुबह गांव की सीमा में प्रवेश हुए। यात्रा का डूंगरी की ढाणी, राम भरोसा बस स्टैंड और महावीर फौजी के निवास के पास ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद कांवड़ यात्रा नदी बस स्टैंड से होते हुए झुंझार जी की ढाणी स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से शिवलिंग पर जल अर्पित कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की गई। इस कांवड़ यात्रा में बी.एल. सैनी, कैलाश चंद, विजेंद्र, महेश, सुरेश, कुलदीप, प्रदीप, शीशराम सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त और ग्रामीण उपस्थित रहे।

