'उज्ज्वल बचपन' अभियान का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण: बच्चों के स्वास्थ्य जांच और डिजिटल रिकॉर्ड पर दिया जोर
'उज्ज्वल बचपन' अभियान: जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने किया स्वास्थ्य जांच शिविर का निरीक्षण, शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग के दिए निर्देश
खैरथल / हीरालाल भूरानी
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अनूठी पहल "उज्ज्वल बचपन" अभियान के तहत बुधवार को छित्तर का बास स्थित राजकीय विद्यालय में स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर ने स्वयं विद्यालय पहुंचकर शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की स्वास्थ्य जांच प्रक्रिया, स्क्रीनिंग व्यवस्था और ऑनलाइन डेटा एंट्री के कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया तथा उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने पर जोर निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य ध्येय जिले के अंतिम बच्चे तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र बच्चा जांच से छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक बच्चे की स्क्रीनिंग रिपोर्ट को निर्धारित पोर्टल पर समय पर ऑनलाइन अपलोड किया जाए ताकि उनका एक स्थायी 'डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड' तैयार हो सके। उन्होंने जांच में बीमार या अस्वस्थ पाए जाने वाले बच्चों का तत्काल फॉलो-अप कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
तीन विभाग मिलकर 'मिशन मोड' में करेंगे काम जिला कलेक्टर ने स्क्रीनिंग टीमों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि बच्चों की बीमारियों का शुरुआती स्तर पर पता लगाकर सही इलाज देना ही इस अभियान की सफलता है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग को आपस में बेहतर तालमेल बिठाकर इस अभियान को 'मिशन मोड' में चलाने को कहा।
7 प्रमुख मानकों पर हो रही बच्चों की जांच मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि शिविर में बच्चों के 7 मुख्य स्वास्थ्य मानकों की जांच की जा रही है। इसमें लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन, एमयूएसी (MUAC), नेत्र, त्वचा-कान, दंत परीक्षण और दिव्यांगता जांच शामिल हैं। जांच में चिन्हित बच्चों को आवश्यकतानुसार पोषण सामग्री, दवाइयां और विशेष इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

